[ia_covid19 type="table" loop="5" theme="dark" area="IN" title="India"]
अपराधउत्तर प्रदेश

विकास दुबे शूटआउट में नया मोड़

कानपुर शूटआउट में नया मोड़:विकास दुबे के राइट हैंड रहे अमर दुबे ने नाबालिग से की थी शादी, स्पेशल जज ने किशोर न्याय बोर्ड को ट्रांसफर की पत्रावली

उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिकरु गांव में दो जुलाई की रात गैंगस्टर विकास दुबे व उसके साथियों ने सीओ देवेंद्र मिश्र समेत आठ पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे व उसके खास साथी अमर दुबे का एनकाउंटर हो चुका है। लेकिन अब अमर दुबे की पत्नी खुशी को लेकर नया मोड़ सामने आया है। बुधवार को अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने कानपुर देहात में विशेष न्यायाधीश डकैती की कोर्ट में एक दस्तावेज सौंपा है। जिसमें उन्होंने दावा किया है कि, खुशी की आयु महज 16 साल है। वह नाबालिग है। बावजूद इसके पुलिस उसे एक माह से गिरफ्तार कर जेल में रखे हुए है। कोर्ट ने खुशी की आयु निर्धारण के लिए केस की पत्रावली किशोर न्याय बोर्ड में ट्रांसफर की है।

पहले जबरन शादी करने की बात आई थी सामने

कानपुर शूटआउट के बाद अमर दुबे द्वारा खुशी के साथ जबरन शादी करने की बात सामने आई थी। लेकिन खुशी की शादी के कई वीडियो सामने आए थे, जिसमें वह काफी खुश नजर आ रही थी। अमर व खुशी की शादी 29 जून को विकास दुबे के घर में ही हुई थी। लेकिन अब कोर्ट में पेश पत्रावली के मुताबिक यह बात सामने आ रही है कि अमर दुबे ने नाबालिग से विवाह किया था। अधिवक्ता शिवकांत दीक्षित ने विशेष न्यायाधीश डकैती की कोर्ट में कक्षा 5, 8 और 10वीं की मार्कशीट की प्रतियां पेश की है। इसके आधार पर खुशी को नाबालिग घोषित करने की मांग की गई है।

रिहाई का प्रयास किया फिर बैकफुट पर आई थी पुलिस

पुलिस ने पांच जुलाई को हमीरपुर में अमर दुबे का एनकाउंटर किया था। इसके तीन दिन बाद आठ जुलाई को उसकी नवविवाहिता पत्नी खुशी को हिरासत में ले लिया गया था। तब उसकी शूटआउट में संलिप्तता व गिरफ्तारी पर सवाल उठे थे तो पुलिस ने एकबारगी उसकी रिहाई के लिए प्रयास शुरू किया था। लेकिन उसकी बातचीत का ऑडियो और शादी का वीडियो वायरल होने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई थी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।

क्या है कानपुर शूटआउट?

कानपुर के चौबेपुर थाना के बिकरु गांव में 2 जुलाई की रात गैंगस्टर विकास दुबे और उसकी गैंग ने 8 पुलिसवालों की हत्या कर दी थी। 9 जुलाई को उज्जैन के महाकाल मंदिर से विकास की गिरफ्तारी हुई। 10 जुलाई की सुबह कानपुर से 17 किमी पहले पुलिस ने विकास को एनकाउंटर में मार गिराया था। विनय तिवारी व दरोगा केके शर्मा को मुखबिरी के आरोप में जेल भेजा जा चुका है।

 

Show More

Related Articles

Close