[ia_covid19 type="table" loop="5" theme="dark" area="IN" title="India"]
Bulandshahrस्वास्थ्य

जनपद में 2239 आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ

  •  योजना के तहत प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा

बुलंदशहर:- सरकार की स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वाकांक्षी भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी के लिये अच्छी खबर है। अब उन्हें भी आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक ने इसके लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को दिशा निर्देश जारी कर दिये हैं। इसके तहत आशा कार्यकर्ताओं को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनय कुमार सिंह ने बताया – जनपद में कुल 2239 आशा कार्यकर्ता और 115 आशा संगिनी हैं। जो स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक की ओर से जारी दिशा निर्देश के अनुसार जनपद की आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित आशा व आशा संगिनी के परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार दिया जाएगा। उन्होंने बताया -पात्र परिवारों के समस्त सदस्य भी योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके तहत आयुष्मान भारत योजना से आबद्ध निजी व सरकारी अस्पतालों में उपचार की निशुल्क सुविधा मिलती है।

आयुष्मान भारत योजना की नोडल अधिकारी डॉ. अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रोहताश यादव ने बताया जनपद में 10.1 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष तीन लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शहर के 41 (सरकारी व प्राइवेट) अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना की सेवाएं दी जा रही हैं। अब तक जनपद में 28967 लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना का उपचार ले चुके हैं। उन्होंने बताया ब्लॉक स्तर पर बीसीपीएम व शहर स्तर पर डीसीपीएम द्वारा आशा कार्यकर्ताओं व आशा संगिनियों का आयुष्मान योजना के तहत पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।

Show More

Related Articles

Close