[ia_covid19 type="table" loop="5" theme="dark" area="IN" title="India"]
धर्म

अठारह पुराणों का संक्षिप्त परिचय ?

।।श्रीगणेशाय नमः।।

पुराण शब्द का अर्थ है प्राचीन कथा, पुराण विश्व साहित्य के सबसे प्राचीन ग्रंथ हैं, उनमें लिखित ज्ञान और नैतिकता की बातें आज भी प्रासंगिक, अमूल्य तथा मानव सभ्यता की आधारशिला हैं, वेदों की भाषा तथा शैली कठिन है, पुराण उसी ज्ञान के सहज तथा रोचक संस्करण हैं।

उनमें जटिल तथ्यों को कथाओं के माध्यम से समझाया गया है, पुराणों का विषय नैतिकता, विचार, भूगोल, खगोल, राजनीति, संस्कृति, सामाजिक परम्परायें, विज्ञान तथा अन्य बहुत से विषय हैं, विशेष तथ्य यह है कि पुराणों में देवी-देवताओं, राजाओं, और ऋषि-मुनियों के साथ-साथ जन साधारण की कथाओं का भी उल्लेख किया गया हैं, जिससे पौराणिक काल के सभी पहलूओं का चित्रण मिलता है।

महर्षि वेदव्यासजी ने 18 पुराणों का संस्कृत भाषा में संकलन किया है, ब्रह्मदेव, श्रीहरि विष्णु भगवान् तथा भगवान् महेश्वर उन पुराणों के मुख्य देव हैं, त्रिमूर्ति के प्रत्येक भगवान स्वरूप को छः पुराण समर्पित किये गये हैं, इन 18 पुराणों के अतिरिक्त 18 उपपुराण भी हैं, किन्तु विषय को सीमित रखने के लिये केवल मुख्य पुराणों का संक्षिप्त परिचय यहाँ दिया जा रहा हूंँ।

ब्रह्मपुराण सबसे प्राचीन है, इस पुराण में दो सौ छियालीस अध्याय तथा चौदह हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में ब्रह्माजी की महानता के अतिरिक्त सृष्टि की उत्पत्ति, गंगा अवतरण तथा रामायण और कृष्णावतार की कथायें भी संकलित हैं, इस ग्रंथ से सृष्टि की उत्पत्ति से लेकर सिन्धुघाटी सभ्यता तक की कुछ ना कुछ जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

दूसरा हैं पाद्मपुराण, जिसमें हैं पचपन हजार श्लोक और यह ग्रन्थ पाँच खण्डों में विभाजित किया गया है, जिनके नाम सृष्टिखण्ड, स्वर्गखण्ड, उत्तरखण्ड, भूमिखण्ड तथा पातालखण्ड हैं, इस ग्रंथ में पृथ्वी आकाश, तथा नक्षत्रों की उत्पति के बारे में विस्तार से उल्लेख किया गया है, चार प्रकार से जीवों की उत्पत्ति होती है जिन्हें उद्भुज, स्वेदज, अंडज तथा जरायुज की श्रेणी में रखा गया है, यह वर्गीकरण पूर्णतया वैज्ञानिक आधार पर है।

भारत के सभी पर्वतों तथा नदियों के बारे में भी विस्तार से वर्णन है, इस पुराण में शकुन्तला दुष्यन्त से लेकर भगवान श्रीराम तक के कई पूर्वजों का इतिहास है, शकुन्तला दुष्यन्त के पुत्र भरत के नाम से हमारे देश का नाम जम्बूदीप से भरतखण्ड और उसके बाद भारत पड़ा था, यह पाद्मपुराण हम सभी भाई-बहनों को पढ़ना चाहियें, क्योंकि इस पुराण में हमारे भूगौलिक और आध्यात्मिक वातावरण का विस्तृत वर्णन मिलता है।

तीसरा विष्णुपुराण है, जिसमें छः अंश तथा तेईस हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में भगवान् श्रीविष्णुजी, बालक ध्रुवजी, तथा कृष्णावतार की कथायें संकलित हैं, इसके अतिरिक्त सम्राट पृथुजी की कथा भी शामिल है, जिसके कारण हमारी धरती का नाम पृथ्वी पड़ा था, इस पुराण में सू्र्यवंशीय तथा चन्द्रवंशीय राजाओं का सम्पूर्ण इतिहास है।

उत्तरं यत्समुद्रस्य हिमाद्रेश्चैव दक्षिणम्।

वर्षं तद भारतं नाम भारती यत्र सन्ततिः।।

भारत की राष्ट्रीय पहचान सदियों पुरानी है, जिसका प्रमाण विष्णुपुराण के इस श्लोक में मिलता है, साधारण शब्दों में इसका अर्थ होता है कि वह भूगौलिक क्षेत्र जो उत्तर में हिमालय तथा दक्षिण में सागर से जो घिरा हुआ है, यही भारत देश है तथा उसमें निवास करनेवाले हम सभी जन भारत देश की ही संतान हैं, भारत देश और भारतवासियों की इससे स्पष्ट पहचान और क्या हो सकती है? विष्णुपुराण वास्तव में एक ऐतिहासिक ग्रंथ है।

चौथा शिवपुराण पुराण है, जिसे आदर से शिवमहापुराण भी कहते हैं, इस महापुराण में चौबीस हजार श्लोक हैं, तथा यह सात संहिताओं में विभाजित है, इस ग्रंथ में भगवान् शिवजी की महानता तथा उनसे सम्बन्धित घटनाओं को दर्शाया गया है, इस ग्रंथ को वायु पुराण भी कहते हैं, इसमें कैलास पर्वत, शिवलिंग तथा रुद्राक्ष का वर्णन और महत्व विस्तार से दर्शाया गया है।

सप्ताह के सातों दिनों के नामों की रचना, प्रजापतियों का वर्णन तथा काम पर विजय पाने के सम्बन्ध में विस्तार से वर्णन किया गया है, सप्ताह के दिनों के नाम हमारे सौरमण्डल के ग्रहों पर आधारित हैं, और आज भी लगभग समस्त विश्व में प्रयोग किये जाते हैं, भगवान् शिवजी के भक्तों को श्रद्धा और भक्ति से शिवमहापुराण का नियमित पाठ करना चाहिये, भगवान् शंकरजी बहुत दयालु और भोले है, जो भी इस पुराण को भाव से पढ़ता है उसका कल्याण निश्चित है।

पाँचवा है भागवत पुराण, जिसमें अठारह हजार श्लोक हैं, तथा बारह स्कंध हैं, इस ग्रंथ में अध्यात्मिक विषयों पर वार्तालाप है, भागवतपुराण में भक्ति, ज्ञान तथा वैराग्य की महानता को दर्शाया गया है, भगवान् विष्णुजी और भगवान् गोविन्द के अवतार की कथाओं को विस्तार से दर्शाया गया है, इसके अतिरिक्त महाभारत काल से पूर्व के कई राजाओं, ऋषि-मुनियों तथा असुरों की कथायें भी संकलित हैं।

इस ग्रंथ में महाभारत युद्ध के पश्चात श्रीकृष्ण का देहत्याग, द्वारकानगरी के जलमग्न होने और यदुवंशियों के नाश तक का विवर्ण भी दिया गया है।

नारद पुराण छठा पुराण है, जो पच्चीस हजार श्लोकों से अलंकृत है, तथा इसके दो भाग हैं, दोनों भागों में सभी पुराणों का सार दिया गया है, प्रथम भाग में मन्त्र तथा मृत्यु पश्चात के क्रम और विधान हैं, गंगा अवतरण की कथा भी विस्तार पूर्वक बतायी गयी है, दूसरे भाग में संगीत के सातों स्वरों, सप्तक के मन्द्र, मध्य तथा तार स्थानों, मूर्छनाओं, शुद्ध एवम् कूट तानों और स्वरमण्डल का ज्ञान लिखित है।

संगीत पद्धति का यह ज्ञान आज भी भारतीय संगीत का आधार है, जो पाश्चात्य संगीत की चकाचौंध से चकित हो जाते हैं, उनके लिये उल्लेखनीय तथ्य यह है कि नारदपुराण के कई शताब्दी पश्चात तक भी पाश्चात्य संगीत में केवल पाँच स्वर होते थे, तथा संगीत की थ्योरी का विकास शून्य के बराबर था, मूर्छनाओं के आधार पर ही पाश्चात्य संगीत के स्केल बने हैं, सभी संगीत के प्रेमी, जो संगीत को ही अपना केरियर समझ लिया हो, या संगीत और आध्यात्म को साथ में देखनेवाले ब्रह्म पुरुष को नारदपुराण को जरूर पढ़ना चाहियें।

साँतवा है मार्कण्डेयपुराण, जो अन्य पुराणों की अपेक्षा सबसे छोटा पुराण है, मार्कण्डेय पुराण में नौ हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में सामाजिक न्याय और योग के विषय में ऋषि मार्कण्डेयजी तथा ऋषि जैमिनिजी के मध्य वार्तालाप है; इसके अतिरिक्त भगवती दुर्गाजी तथा भगवान् श्रीक़ृष्ण से जुड़ी हुई कथायें भी संकलित हैं, सभी ब्रह्मसमाज को यह पुराण पढ़नी चाहिये, कम से कम मार्कण्डेयजी ऋषि के वंशजों इस पुराण को थोड़ा-थोड़ा करके पढ़ने का प्रयास करना चाहिये, मार्कण्डेयपुराण के अध्ययन से आध्यात्मिक अक्षय सुख की प्राप्ति होती है।

आठवाँ है अग्निपुराण, इस पुराण में पन्द्रह हजार श्लोक हैं, इस पुराण को भारतीय संस्कृति का ज्ञानकोष या आज की भाषा में विकीपीडिया कह सकते है, इस ग्रंथ में भगवान् मत्स्यावतार का अवतार लेकर पधारें थे, उसका वर्णन है, रामायण तथा महाभारत काल की संक्षिप्त कथायें भी संकलित हैं, इसके अतिरिक्त कई विषयों पर वार्तालाप है जिन में धनुर्वेद, गान्धर्व वेद तथा आयुर्वेद मुख्य हैं, धनुर्वेद, गान्धर्व वेद तथा आयुर्वेद को उप-वेद भी कहा जाता है।

नवमा है भविष्यपुराण, इस पुराण में एक सौ उनतीस अध्याय तथा 14 हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में सूर्य देवता का महत्व, वर्ष के बारह महीनों का निर्माण, भारत के सामाजिक, धार्मिक तथा शैक्षिक विधानों और भी कई विषयों पर वार्तालाप है, इस पुराण में साँपों की पहचान, विष तथा विषदंश सम्बन्धी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गयी है, इस भविष्यपुराण की कई कथायें बाईबल की कथाओं से भी मेल खाती हैं, भविष्य पुराण में पुराने राजवंशों के अतिरिक्त भविष्य में आने वाले नन्द वंश, मौर्यवंशों का भी वर्णन है।

इसके अतिरिक्त विक्रम बेताल तथा बेताल पच्चीसी की कथाओं का विवरण भी है, भगवान् श्रीसत्यनारायण की कथा भी इसी पुराण से ली गयी है, यह भविष्य पुराण भारतीय इतिहास का महत्वशाली स्त्रोत्र है, जिस पर शोध कार्य करना चाहिये, और इसके उपदेश हर आज के क्षात्र-क्षात्राओं को पढ़ाना चाहिये, और प्रथम क्लास से ही, शिक्षा से जुड़े समस्त अध्यापक एवम् अध्यापिका को इस भविष्य पुराण नामक पुराण को अवश्य पढ़ना चाहिये, ताकि आपकी समझ बढे, और समाज में आध्यात्म जागृति लायें।

दसवाँ है ब्रह्मवैवर्तपुराण, जो 18 हजार श्लोकों से अलंकृत है, तथा दो सौ अठारह अध्याय हैं, इस ग्रंथ में ब्रह्माजी, गणेशजी, तुलसीमाता, सावित्रीमाता, लक्ष्मीमाता, सरस्वतीमाता तथा भगवान् श्रीकृष्ण की महानता को दर्शाया गया है, तथा उनसे जुड़ी हुईं कथायें संकलित हैं, इस पुराण में आयुर्वेद सम्बन्धी ज्ञान भी संकलित है, जो आयुर्वेद और भारतीय परम्परा में निरोगी काया के विषय पर है, उससे यह पुराण आपका पथ प्रदर्शक बनेगा।

अगला ग्यारहवा है लिंगपुराण, इस पावन लिंगपुराण में ग्यारह हजार श्लोक और एक सौ 63 अध्याय हैं, सृष्टि की उत्पत्ति तथा खगौलिक काल में युग, कल्प की तालिका का वर्णन है, भगवान् सूर्यदेव के वंशजों में राजा अम्बरीषजी हुए, रामजी का इन्हीं राजा अम्बरीषजी के कुल में मानव अवतार हुआ था, राजा अम्बरीषजी की कथा भी इसी पुराण में लिखित है, इस ग्रंथ में अघोर मंत्रों तथा अघोर विद्या के सम्बन्ध में भी उल्लेख किया गया है।

बाहरवां पुराण हैं वराहपुराण, वराह पुराण में दो सौ सत्रह अध्याय तथा दस हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में भगवान् श्रीहरि के वाराह अवतार की कथा, तथा इसके अतिरिक्त भागवत् गीता माहात्म्य का भी विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया है, इस पुराण में सृष्टि के विकास, स्वर्ग, पाताल तथा अन्य लोकों का वर्णन भी दिया गया है, श्राद्ध पद्धति, सूर्य के उत्तरायण तथा दक्षिणायन विचरने, अमावस और पूर्णमासी के कारणों का वर्णन है।

महत्व की बात यह है कि जो भूगौलिक और खगौलिक तथ्य इस पुराण में संकलित हैं वही तथ्य पाश्चात्य जगत के वैज्ञिानिकों को पंद्रहवी शताब्दी के बाद ही पता चले थे, सभी सनातन धर्म को मानने वाले भाई-बहनों को यह वाराहपुराण को अवश्य पढ़ना चाहियें, जो भक्त अपने जीवन में जीते जी स्वर्ग की कल्पना करता है, उसके लिये वाराहपुराण अतुल्य है, इसमें स्वर्ग-नरक का भगवान् श्रीवेदव्यासजी ने बहुत अच्छा वर्णन किया है।

तेहरवां पुराण हैं सकन्दपुराण, सकन्द पुराण सबसे विशाल पुराण है, तथा इस पुराण में 81 हजार 100 श्लोक और छः खण्ड हैं, इस पुराण में प्राचीन भारत का भूगौलिक वर्णन है, जिसमें सत्ताईस नक्षत्रों, 18 नदियों, अरुणाचल प्रदेश का सौंदर्य, भारत में स्थित भगवान् भोलेनाथ के बारह ज्योतिर्लिंगों, तथा गंगा अवतरण के आख्यान शामिल हैं, इसी पुराण में स्याहाद्री पर्वत श्रंखला तथा कन्याकुमारी मन्दिर का उल्लेख भी किया गया है, इसी पुराण में सोमदेव, तारा तथा उन के पुत्र बुद्ध ग्रह की उत्पत्ति की अलंकारमयी कथा भी है।

चौदहवां पुराण है वामनपुराण, इस पुराण में निन्यानवें अध्याय तथा दस हजार श्लोक हैं, एवम् दो खण्ड हैं, इस पुराण का केवल प्रथम खण्ड ही उपलब्ध है, इस पुराण में भगवान् के वामन अवतार की कथा विस्तार से कही गयी हैं, जो भरूचकच्छ (गुजरात) में हुआ था, इस के अतिरिक्त इस ग्रंथ में भी सृष्टि, जम्बूदूीप तथा अन्य सात दूीपों की उत्पत्ति, पृथ्वी की भूगौलिक स्थिति, महत्वशाली पर्वतों, नदियों तथा भारत के खण्डों का वर्णन है।

पन्द्रहवां पुराण है कूर्मपुराण, इस पुराण में 18 हजार श्लोक तथा चार खण्ड हैं, इस पुराण में चारों वेदों का सार संक्षिप्त रूप में दिया गया है, इसमें कूर्म अवतार से सम्बन्धित सागर मंथन की कथा विस्तार पूर्वक लिखी गयी है, इस में ब्रह्माजी, शिवजी, विष्णुजी, पृथ्वी माता, गंगा मैया की उत्पत्ति, चारों युगों के बारे में सटीक जानकारी, मानव जीवन के चार आश्रम धर्मों, तथा चन्द्रवंशी राजाओं के बारे में भी विस्तार से वर्णन है।

सोलहवां पुराण है मत्स्यपुराण, इस पुराण में दो सौ नब्बे अध्याय तथा चौदह हजार श्लोक हैं, इस ग्रंथ में मत्स्य अवतार की कथा का विस्तरित उल्लेख किया गया है, सृष्टि की उत्पत्ति और हमारे सौर मण्डल के सभी ग्रहों, चारों युगों तथा चन्द्रवंशी राजाओं का इतिहास वर्णित है, कच, देवयानी, शर्मिष्ठा तथा राजा ययाति की रोचक कथा भी इसी पुराण में है, सामाजिक विषयों के जानकारी के इच्छुक भाई-बहनों को इस पुराण को जरूर पढ़ना चाहियें।

सत्रहवां पुराण है गरुड़पुराण, गरुड़पुराण में 200 79 अध्याय तथा 19 हजार श्लोक हैं; इस ग्रंथ में मृत्यु पश्चात की घटनाओं, प्रेत लोक, यम लोक, नरक तथा चौरासी लाख योनियों के नरक स्वरूपी जीवन के बारे में विस्तार से बताया गया है, इस पुराण में कई सूर्यवंशी तथा चन्द्रवंशी राजाओं का वर्णन भी है, साधारण लोग इस ग्रंथ को पढ़ने से हिचकिचाते हैं, क्योंकि? इस ग्रंथ को किसी संबंधी या परिचित की मृत्यु होने के पश्चात ही पढ़वाया जाता है।

वास्तव में इस पुराण में मृत्यु पश्चात पुनर्जन्म होने पर गर्भ में स्थित भ्रूण की वैज्ञानिक अवस्था सांकेतिक रूप से बखान की गयी है, जिसे वैतरणी नदी की संज्ञा दी गयी है, उस समय तक भ्रूण के विकास के बारे में कोई भी वैज्ञानिक जानकारी नहीं थी, तब हमारे इसी गरुड़पुराण ने विज्ञान और वैज्ञानिकों को दिशा दी, इस पुराण को पढ़कर कोई भी मानव नरक में जाने से बच सकता है।

अट्ठारहवां और अंतिम पुराण हैं ब्रह्माण्डपुराण, ब्रह्माण्डपुराण में बारह हजार श्लोक तथा पू्र्व, मध्य और उत्तर तीन भाग हैं, मान्यता है कि आध्यात्म रामायण पहले ब्रह्माण्ड पुराण का ही एक अंश था जो अभी एक प्रथक ग्रंथ है, इस पुराण में ब्रह्माण्ड में स्थित ग्रहों के बारे में विस्तार से वर्णन किया गया है, कई सूर्यवंशी तथा चन्द्रवंशी राजाओं का इतिहास भी संकलित है, सृष्टि की उत्पत्ति के समय से ले कर अभी तक सात मनोवन्तर (काल) बीत चुके हैं जिन का विस्तरित वर्णन इस ग्रंथ में किया गया है।

भगवान् श्रीपरशुरामजी की कथा भी इस पुराण में दी गयी है, इस ग्रंथ को विश्व का प्रथम खगोल शास्त्र कह सकते है, भारत के ऋषि इस पुराण के ज्ञान को पूरे ब्रह्माण्ड तक लेकर गये थे, जिसके प्रमाण हमें मिलते रहे है, हिन्दू पौराणिक इतिहास की तरह अन्य देशों में भी महामानवों, दैत्यों, देवों, राजाओं तथा साधारण नागरिकों की कथायें प्रचिलित हैं, कईयों के नाम उच्चारण तथा भाषाओं की विभिन्नता के कारण बिगड़ भी चुके हैं जैसे कि हरिकुल ईश से हरकुलिस, कश्यप सागर से केस्पियन सी, तथा शम्भूसिहं से शिनबू सिन आदि बन गये।

तक्षक के नाम से तक्षशिला और तक्षकखण्ड से ताशकन्द बन गये, यह विवरण अवश्य ही किसी ना किसी ऐतिहासिक घटना कई ओर संकेत करते हैं, प्राचीन काल में इतिहास, आख्यान, संहिता तथा पुराण को एक ही अर्थ में प्रयोग किया जाता था, इतिहास लिखने का कोई रिवाज नहीं था, राजाओ नें कल्पना शक्तियों से भी अपनी वंशावलियों को सूर्य और चन्द्र वंशों से जोड़ा है, इस कारण पौराणिक कथायें इतिहास, साहित्य तथा दंत कथाओं का मिश्रण हैं।

प्रस्तुति शिक्षक सीमा शर्मा

 

Show More

Related Articles

Close